अपने बयान से पलटी दुष्कर्म की पीड़िता… कहा- सपा नेता के कहने पर लगाया था झूठा आरोप…

नेशनल हाईवे किनारे संचालित एक निजी अस्पताल में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में अब पीड़िता अपने बयानों से पलट गई है। पीड़िता का आरोप है कि सपा कार्यकर्ता के कहने पर उसने झूठा आरोप लगाया था।
अब वह कार्रवाई नहीं चाहती है। पुलिस ने पीड़िता को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था।

अमरोहा शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती की गजरौला निवासी एक युवक के साथ जान पहचान थी। युवती के मुताबिक छह महीना पहले युवक उसे नौकरी लगवाने के लिए नेशनल हाईवे किनारे संचालित एक अस्पताल में ले गया।आरोप लगाया कि नौकरी की एवज में अस्पताल संचालक व उसके पार्टनर ने उसके साथ अस्पताल में ही दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो भी बना ली थी।

इस संबंध में पीड़िता ने घटना की तहरीर छह माह बाद शुक्रवार को पुलिस को दी थी। शनिवार को पीड़िता को पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए चौकी बुलाया था।
युवती बयानों से पलट गई। उसने एक सपा कार्यकर्ता के कहने पर पुलिस को तहरीर देने का आरोप लगाया। साथ ही सपा कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। चौकी इंचार्ज योगेंद्र मलिक ने मामले की पूरी जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही।